
Wednesday, September 30, 2009
सपनों के रंग..

तुम्हारा आना,मेरे जीवन में,
रंगों का जैसे भर जाना,
जीवन क्या है,
तुमसे ही मैंने ये जाना,
हँसना-हँसाना न कि रोना-रुलाना,
रुलाना तो आता है सभी को,
जो हँसा सके किसी को,
उसने ही जीवन का मर्म जाना,
बिना कहे ही मुझको समझाना,
और साथ ही,
मेरे भीतर कहीं अन्दर तक उतर जाना,
रात को पलकों में बंद,
ख़्वाबों में तुम्हारा आना,
और कहना,
कि ये तो एक सपना है....
एक सपना

मैंने देखा था एक सपना,
कि मैं बैठी हूँ तुम्हारे पास,
कह रही हूँ वो सब ,
जो मैं कहना चाहती हूँ,
मैंने देखा था एक सपना,
कि मैं बैठी हूँ तुम्हारे पास,
रो रही हूँ उस दुःख से,
जो शायद तुमने ही मुझे दिया है,
मैंने देखा था एक सपना,
कि मैं बैठी हूँ तुम्हारे पास,
सोच रही हूँ उस भविष्य को,
जो बहुत सुखद होगा,
जिसमें तुम और मैं,
यूँ ही बैठे होंगे, पास-पास,
पर मुझे याद न था,
कि यह सिर्फ़ एक सपना है,
जो कभी पूरा न होगा,
क्योंकि सपने तो सपने ही होते हैं,
जो पलकों पर तब तक ही सजे रहते हैं,
जब तक वे खुल नही जातीं...
हमने रोना छोड़ दिया
उड़ान

ऐ ज़िन्दगी, तूने मुझे दिया ही क्या है ग़मों के सिवा,
जब-जब मैंने मांगी खुशियाँ,
तूने मेरा दामन आंसुओं से भर दिया,
मैं चाहती थी हँसना
पर तूने मुझे रुला दिया,
मैंने मांगे थे दोस्त तुझसे,
पर तूने सिवा दुश्मनों के कुछ न दिया,
मैं चाहती थी उड़ना,
ऊँचे और ऊँचे,
इतना की आकाश को छू सकूं,
पर तूने सिवा लाचारी के कुछ न दिया,
पर फ़िर भी मैं जीना चाहती हूँ,
जीना चाहती हूँ तेरे हर एक पल को,
क्योंकि ज़िन्दगी आख़िर ज़िंदादिली का ही तो नाम है...
Tuesday, September 29, 2009
क्यों सोचती हूँ मैं..

क्यों सोचती हूँ मैं,
कि काश तुम मेरे होते,
मेरे साथ चलते,
मुझे अपने दुःख-सुख में भागीदार बनते,
मेरे दुःख बाँटते
मुझे हंसाते,
जब मैं रोती तो मेरे आंसू पोछते,
और कहते कि तुम मेरे साथ हो, हमेशा।
क्यों सोचती हूँ मैं,
कि काश तुम मेरे होते,
साथ न सही, सामने ही होते,
तुम्हे देख कर ही मैं खुश हो लेती,
और समझ लेती कि तुम पर मेरा इतना हक तो है,
काश तुम मेरे होते,
सामने न सही,सपनों में तो होते,
तुम्हें सोच कर ही मैं खुश हो लेती,
और जी लेती उन क्षणों को,
जो न कभी आए न आयेंगे,
क्यों सोचती हूँ मैं,
कि काश तुम मेरे होते,
जबकि मैं जानती हूँ कि तुम मेरे नहीं,
किसी और के लिए बने हो,
क्यों सोचती हूँ मैं कि काश तुम मेरे होते,
जबकि मैं जानती हूँ कि तुम मेरे नहीं हो.....
सागर का दुःख

सागर को देखा है कभी?
उसमें उठती-गिरती लहरों को,
जो उठती हैं तो इतने वेग से,
की उसमें सब कुछ बह जाता है,
शेष कुछ भी न रहता है,
बाकी रह जाता है एक निशान,
जो थोड़ी देर तक याद दिलाता है,
उस लहर की।
कभी देखा है बादलों को?
उनसे बरसती बूंदों को,
जो बरसती हैं तो साथ लाती हैं,
एक एहसास, शीतलता का,
इतनी शीतल कि हर कष्ट हर लें,
काश! तुम उस सागर के समीप गए होते,
जो निरंतर मेरे अन्दर कि भावनाओं में हिलोरें ले रहा है,
कभी उन लहरों को अपने पास आने देते,
जो तुम्हारे सभी दुःख बहा ले जाना चाहती हैं,
समा लेना चाहती हैं उन दुखों को अपने भीतर,
और छोड़ देना चाहती हैं तुम्हें इतना शीतल,
जितना तुम उन बूंदों से भीगने के बाद हो जाते,
जो स्नेह के रूप में मेरे ह्रदय से बरसना चाहती हैं...
तलाश
यादों के साए

क्या भूलूं, क्या याद करूँ,
क्यों कल के साए में अपने आज को बर्बाद करूँ,
जो बीत गया वो सपना था,
जो पास है वही अपना है,
जब-जब मन यादों के सागर में गोते लगाता है,
जीवन तब-तब ख़ुद को वहीं खड़ा पाता है,
सच था या सपना,
वो वक़्त जब तुम मेरे साथ थे,
अब यह आलम है कि,
तुम तो क्या तुम्हारा साया भी यहाँ नहीं,
क्या हुए वो वादे जो किए थे तुमने कभी,
याद आते हैं वो सपने मुझे कभी-कभी,
पर अब न तो यहाँ तुम हो न तुम्हारा साया,
छोड़ कर इस स्याह अंधेरे में,
चले गए तुम न जाने कहाँ,
जाओ तुम्हें मुक्त किया,
जी लूंगी मैं तुम्हारे बिन,
क्योंकि खुशियाँ न सही,
जीवन में ग़मों कि कमी नहीं.....
ज़िन्दगी

रफ्ता-रफ्ता सामने आती गई ज़िन्दगी,
धीरे-धीरे मुझे समझाती गई ज़िन्दगी,
परत दर परत खुलती चली गई,
मुझको ख़ुद में उलझाती गई ज़िन्दगी,
बंद मुट्ठी में रेत जैसे,
हाथों से यूँ निकलती गई ज़िन्दगी,
घड़ी की दो सुइयां कभी ठहरती नहीं,
यह बात बतलाती गई ज़िन्दगी,
मैंने तो कभी गौर न किया पर,
सच और झूठ सामने लाती गई ज़िन्दगी,
कौन कहता है ज़िन्दगी जीने के लिए बनी है,
मुझे पल पल रुलाती गई जिन्दगी.
बूँद
मेरी आकांक्षा

मेरी क्या आकांक्षा है,
तुम्हें कैसे बताऊँ,
कि मैं चाहती हूँ,
तुम्हारे कंधे पर सर टिकाकर,
सब कुछ भूल जाना,
तुम्हारे सीने पर सर रखकर,
तुम्हारी धडकनों को सुनना,
तुम्हारी आंखों में तैरती भावनाओं को,
स्वयं में जज्ब होने देना,
नीले आकाश के नीचे लेटकर,
उसमें स्वयं को भूल जाना,
सागर जैसी तुम्हारी बाहों में,
एक बूँद के समान समा जाना,
और भूल जाना,
कि मेरा अपना भी कोई अस्तित्व है,
बस! यही तो मेरी आकांक्षा है,
सुन रहे हो न??
तुम्हारे आने से

जब भी सोचती हूँ तो पाती हूँ कुछ ऐसा,
जैसे कोई अंकुर फूटा हो धरती के तन में,
जब भी सोचती हूँ तो पाती हूँ कुछ ऐसा,
जैसे कोई कविता उपजी हो मेरे मन में,
जब भी सोचती हूँ तो पाती हूँ कुछ ऐसा,
जैसे कोई मुक्त पंछी उड़ा हो नील गगन में,
जब भी सोचती हूँ तो पाती हूँ कुछ ऐसा,
जैसे कोई पथिक चला हो अकेला गहन वन में,
जब भी सोचती हूँ तो पाती हूँ कुछ ऐसा,
जैसे बहारें आई हो मेरे सूने जीवन में,
तुम्हारे आने से...
Subscribe to:
Comments (Atom)



